Tuesday, 22 September 2020

संसद का गीत/ गोरख पांडेय



सावधान ! संसद है बहस चल रही है

       भीतर कुछ कुर्सियाँ मंगाओ
       बाहर जेलें नई बनाओ
       बाँधो लपटें झोपड़ियों की
       महलों की रौनकें बचाओ
खलबली मची है जंगल में
        आग जल रही है या भूख जल रही है

       जनता के नाम सन्देशा है
       बिल्कुल आराम से मरो तुम
       पर अपने राज को चलाने
       के लिए हमें चुना करो तुम
चुने हुए हाथों से ताक़त
        तेल मल रही है या ख़ून मल रही है

       बूटों से रौंदकर सभी को
       खेल रही नक़ली आज़ादी
       मातृभूमि बेच दी जिन्होंने
       नेता हो गए पहन खादी
ख़ाली हो रही पतीली में
        देश गल रहा है या दाल गल रही है

       कुरसी, कानून, तिजोरी का
       गठबन्धन धूल में मिला दो
       यह सदर मुकाम है ठगों का
       ऐ लोगो ! बमों से उड़ा दो
देख लो प्रपंच-योजनाएँ
        अन्न फल रही हैं या मौत फल रही हैं

No comments:

Post a Comment

१९५३ में स्टालिन की शव यात्रा पर उमड़ा सैलाब 

*On this day in 1953, a sea of humanity thronged the streets for Stalin's funeral procession.* Joseph Stalin, the Soviet Union's fea...